देहरादून में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को खुद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जाखन क्षेत्र में राजपुर रोड स्थित फुटपाथ की बदहाल स्थिति का निरीक्षण किया और लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार लगाई।
दरअसल, जाखन निवासी विवेक मदान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड करने के दौरान फुटपाथ को नुकसान पहुंचा है। निर्माण कार्य के बाद मिट्टी का सही भरान न होने से टाइल्स बैठ गई हैं, जिससे आम लोगों को फुटपाथ का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिकायतकर्ता को साथ लेकर मौके का जायजा लिया और अपने मोबाइल से ही अधिकारियों को वीडियो कॉल कर स्थिति दिखाई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना चाहिए। साथ ही चेताया कि अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद कई जगह तार ऊपर दिखना जन सुरक्षा के लिए खतरा है।
सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों को बेहतर प्लानिंग के साथ पूरा किया जाए, ताकि बार-बार खुदाई से जनता को परेशानी न हो और सरकारी धन की बर्बादी भी रोकी जा सके।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देशित किया कि प्रदेश भर में इस तरह की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अभियान चलाकर समस्याओं का समाधान किया जाए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

