उत्तराखण्ड ने स्टार्टअप इंडिया रैंकिंग में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) द्वारा जारी States’ Startup Ecosystem Ranking (पांचवां संस्करण) में उत्तराखण्ड को मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने के लिए ‘लीडर’ के रूप में मान्यता दी गई है।
इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार के उद्योग विभाग को Certificate of Appreciation प्रदान किया गया। यह सम्मान राज्य में नवाचार, उद्यमिता को बढ़ावा देने, निवेश प्रोत्साहन और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पुष्टि करता है।
राज्य सरकार की स्टार्टअप नीति, सरल प्रक्रियाएं और सहयोगात्मक इकोसिस्टम के चलते उत्तराखण्ड में स्टार्टअप्स को तेजी से आगे बढ़ने का अवसर मिला है। इसी का परिणाम है कि उत्तराखण्ड की स्टार्टअप पहल को अब राष्ट्रीय स्तर पर एक मॉडल के रूप में भी देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखण्ड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए अनुकूल नीतियां, सरल प्रक्रियाएं और मजबूत इकोसिस्टम विकसित किया है। प्रदेश के युवाओं में नवाचार की अद्भुत क्षमता है और सरकार हर स्तर पर उन्हें सहयोग प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के सभी उद्यमियों, स्टार्टअप्स और अधिकारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है, जो उत्तराखण्ड को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान दिला रहा है।

