देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस सोमवार को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी। घेराव कार्यक्रम में प्रदेशभर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कांग्रेस का आरोप है कि शुद्धिकरण मामले को लेकर प्रदेश के विभिन्न पुलिस थानों में तहरीर देने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में भी पार्टी आक्रामक है।
प्रदेश कांग्रेस ने घेराव कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी देहरादून पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड के लोगों की भावनाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण कराया गया और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा हर तरह के हथकंडे अपना रही है।
कांग्रेस में शामिल होंगे पूर्व दर्जाधारी रामकुमार वालिया
मुख्यमंत्री आवास घेराव से पहले कांग्रेस में कई लोगों के शामिल होने का कार्यक्रम भी है। पूर्व दर्जाधारी रामकुमार वालिया अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। वालिया ने हाल ही में भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाएंगी।
दिल्ली में एक घंटे का मौन व्रत रखेंगे हरीश रावत
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत सोमवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखेंगे। स्वास्थ्य लाभ के लिए दिल्ली में रह रहे रावत ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उत्तराखंड में अस्पृश्यता और अपमानकारी छुआछूत को संरक्षण देने वाली शक्तियों के खिलाफ संघर्ष जारी है। इसी संघर्ष में अपनी भागीदारी दर्ज कराने के लिए वह सात सितंबर को एक घंटे का मौन व्रत रखेंगे और सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाली शक्तियों की पराजय के लिए प्रार्थना करेंगे।

