देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से गहरा आध्यात्मिक और व्यक्तिगत जुड़ाव है, जिससे उनका हर दौरा राज्य के लिए खास बन जाता है। करीब पांच महीने बाद हो रहे इस दौरे को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल है।
इससे पहले प्रधानमंत्री 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह में देहरादून पहुंचे थे, जहां उन्होंने एफआरआई परिसर में 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। साथ ही “विकसित उत्तराखंड” के लिए वेडिंग डेस्टिनेशन और “एक जिला एक मेला” जैसे अहम मंत्र भी दिए थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने सीमांत गांवों का दौरा कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
प्रधानमंत्री के पूर्व दौरे में चमोली के माणा गांव, उत्तरकाशी के मुखवा और पिथौरागढ़ के आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों का भ्रमण शामिल रहा, जिससे इन क्षेत्रों को विशेष पहचान मिली।

