Saturday, March 7, 2026
Homeखास खबरअधिवक्ता की पत्नी से सैन्य अफसर ने की छेड़छाड़ मुकदमा दर्ज

अधिवक्ता की पत्नी से सैन्य अफसर ने की छेड़छाड़ मुकदमा दर्ज

देहरादून। संवाददाता। सेना से जुड़े एक अधिकारी पर अधिवक्ता की पत्नी से छेड़खानी के आरोप लगे हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना शनिवार रात मधुबन होटल की है। जहां सैन्य अफसर पर छेड़खानी के आरोप लगाने के बाद हंगामा हुआ।

राजपुर रोड स्थित मधुबन होटल में शनिवार रात एक पार्टी थी। पार्टी में कई प्रतिष्ठित लोग शामिल थे। पुलिस के मुताबिक देर रात पार्टी में शामिल एक शख्स ने वहां मौजूद अधिवक्ता की पत्नी से छेड़खानी कर दी। महिला ने घटना अपने पति को बताई। इसके बाद पार्टी में हंगामा हो गया। महिला के पति ने आरोपी के इस व्यवहार का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर डालनवाला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन हाईप्रोफाइल मामला होने से पुलिस भी दोनों पक्षों को शांत कराने में जुटी रही।

बाद में बयान दर्ज करने और शिकायत लेने की औपचारिकता कर पुलिस ने मामला शांत करवाया। लेकिन रविवार सुबह तक मुकदमा दर्ज नहीं होने पर पीड़िता फिर से डालनवाला थाने पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसपी सिटी प्रदीप राय ने बताया कि मधुबन होटल की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है। जांच की जा रही है, साथ ही पीड़िता के बयान भी दर्ज किए गए हैं। जांच में आरोपी की पहचान होने के बाद मुकदमे में नाम शामिल किया जाएगा।

पुलिस पर सियासी दबाव
छेड़खानी प्रकरण में पीड़िता की शिकायत दर्ज करने के बजाए पुलिस समझौते में लगी रही। पुलिस ने कागजी खानापूर्ति कर शनिवार देर रात ही मामले को सुलझा मान लिया था। तब पीड़िता के साथ ही आरोपी के बयान भी होटल में दर्ज कर लिए गए, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया। पुलिस के आला अफसरों ने भी मामले के सुलझने पर राहत की सांस ली, लेकिन रविवार सुबह एक बार फिर पीड़िता की लिखित शिकायत आने पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज करने के बजाए जांच का हवाला देकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। यह भी बताया जा रहा है सियासी दबाव के कारण पुलिस नामजद के बजाय अज्ञात में यह मुकदमा दर्ज किया।

दोनों पक्षों के बयान हुए थे दर्ज
घटना के बाद मौके पर पहुंची डालनवाला पुलिस के सामने पीड़ित और आरोपी दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजीव शर्मा बंटू का कहना है कि पुलिस ने आरोपी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के नाम के साथ बयान दर्ज किए। लेकिन इसके बाद मामले में राजनीतिक दखल के चलते इसे पुलिस ने मोड़ दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments