देहरादून। उत्तराखंड में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रशासनिक सेवा के नौ IAS/PCS अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में तैनात किया है। इन अधिकारियों को संबंधित जिलों में SIR प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार हरिद्वार जिले में डॉ. संदीप तिवारी, ललित नारायण मिश्र, नन्द कुमार और गोपाल राम बिनवाल को पर्यवेक्षण अधिकारी बनाया गया है। वहीं नैनीताल जिले में संजय कुमार और विनीत तोमर को जिम्मेदारी दी गई है।
ऊधमसिंह नगर जिले में प्रकाश चन्द्र दुम्का, जय किशन और दिवेश शाशनी को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में SIR के तहत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया का दैनिक निरीक्षण करेंगे।
आदेश के मुताबिक पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपने दैनिक निरीक्षण की रिपोर्ट संबंधित मंडलायुक्त के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को सप्ताह में दो बार प्रस्तुत करनी होगी। निर्धारित पुनरीक्षण अवधि तक नामित अधिकारी आयोग के नियंत्रण, पर्यवेक्षण और अनुशासन के अधीन रहेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अधिकारियों की तैनाती का उद्देश्य SIR प्रक्रिया के तहत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण को पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा कराना है।

