देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता नोटिस के जवाब में जमा किए जाने वाले दस्तावेजों का संबंधित विभागों से सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सचिवालय में बैठक कर विभिन्न विभागों के निदेशक और उच्च अधिकारियों को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
नोडल अधिकारियों को सुनवाई के दौरान मतदाताओं की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि आयोग की ओर से निर्धारित 11 दस्तावेजों में शामिल मैट्रिकुलेशन एवं शैक्षिक प्रमाणपत्र, स्थायी निवास, जाति प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर और भवन आवंटन प्रमाणपत्र समेत अन्य अभिलेखों का समयबद्ध सत्यापन किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिले में तैनात नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर राज्य स्तर पर सत्यापन प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। मैट्रिकुलेशन और शैक्षिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए निदेशक माध्यमिक शिक्षा और उच्च शिक्षा, जबकि स्थायी निवास, जाति प्रमाणपत्र और भवन आवंटन से जुड़े दस्तावेजों के लिए राजस्व परिषद के अधिकारियों को नोडल जिम्मेदारी दी गई है।
जन्म प्रमाणपत्र के सत्यापन के लिए निदेशक शहरी विकास और निदेशक स्वास्थ्य, परिवार रजिस्टर एवं भवन आवंटन के लिए निदेशक पंचायतीराज तथा विभिन्न विभागों की ऑनलाइन सेवाओं के सत्यापन के लिए निदेशक आईटीडीए को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी समेत उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, शहरी विकास, पंचायतीराज, स्वास्थ्य, राजस्व और आईटीडीए के अधिकारी मौजूद रहे।
SIR निरीक्षण के लिए मैदान में उतरे चुनाव अधिकारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के बाद चुनाव अधिकारियों ने भी जिलों में एसआईआर की तैयारियों और प्रक्रिया का निरीक्षण शुरू कर दिया है। सीईओ डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर निरीक्षण के साथ समीक्षा बैठक की। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने देहरादून में निरीक्षण और समीक्षा की।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीसी दुमका ने चंपावत में एसआईआर की समीक्षा की। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी सोमवार को उत्तरकाशी पहुंचे और इसके बाद टिहरी व ऊधमसिंह नगर में समीक्षा करेंगे। वहीं, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में एसआईआर की समीक्षा करेंगे।

