देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक देखने को मिल रहा है। कई राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन और रॉक फॉल के कारण बाधित हैं, जबकि हरिद्वार और रुड़की समेत कई क्षेत्रों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
फरासू में रॉक फॉल से बंद हुआ बदरीनाथ हाईवे
चमोली जिले के फरासू स्लाइड जोन में लगातार हो रहे रॉक फॉल के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के चलते सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोक दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग की मशीनें मलबा हटाने में जुटी हैं, लेकिन रॉक फॉल जारी रहने से मार्ग बहाल नहीं हो सका है। प्रशासन ने यात्रियों को देवलगढ़-चमधार वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है।
गंगोत्री हाईवे पर भूस्खलन, वाहनों की लगी लंबी कतार
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नालूपानी, धरासू घाट और नगुण के पास कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण बाधित रहा। सीमा सड़क संगठन की टीमें मशीनों की मदद से मार्ग खोलने में जुटी हैं। नगुण के पास लगातार पत्थर गिरने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हालांकि, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास और टिहरी जिले के सुवाखोली-रोतु वैली मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया है, जबकि नाकुरी ग्रामीण मोटर मार्ग अब भी बंद है।
पिरान कलियर दरगाह परिसर में भरा पानी
हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में भारी बारिश के बाद दरगाह साबिर पाक परिसर, बाजारों और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हो गया। मजार की ओर पानी बढ़ने पर श्रद्धालुओं ने रेत से भरे कट्टे लगाकर पानी को रोका। स्थानीय लोगों ने नालों की सफाई न होने और अतिक्रमण को जलभराव की मुख्य वजह बताते हुए स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।
रुड़की और लंढौरा में घरों और दुकानों में घुसा पानी
रुड़की में लगातार बारिश के कारण रामपुर और महिग्रान मोहल्लों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। लोगों को अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। वहीं लंढौरा कस्बे की अंबेडकर कॉलोनी, पठानान, गुर्जरवाड़ा और माता हसन वाला बाग समेत कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित रहा।
थराली क्षेत्र में पांच सड़कें बंद
चमोली जिले के थराली क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाली पांच सड़कें बंद हो गई हैं। थराली-देवाल-वाण मोटर मार्ग गमलीगाड़ के पास मलबा और बोल्डर आने से बाधित हो गया है। इसके अलावा थराली-कुराड़, नंदकेसरी-जोला, देवाल-खेता और कुनार बैंड-घेस मोटर मार्ग भी चट्टान गिरने और मलबा आने के कारण बंद हैं।
जिलासू तहसील की जिलासू-बगड़ सड़क पर भी मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हुई। गुरुवार सुबह स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

