टिहरी। टिहरी जिले के घनसाली क्षेत्र में एक नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने चंडीगढ़ निवासी जसीम नामक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से नाबालिग से दोस्ती की थी। बाद में उस पर नाबालिग के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

