हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों को लेकर नया ऑनलाइन आपत्ति मॉड्यूल लागू कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत आयोग परीक्षा के बाद दो चरणों में अभ्यर्थियों की आपत्तियों का निस्तारण करेगा और इसके बाद ही अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
आयोग के अनुमोदन के बाद लागू किए गए इस नवीन ऑनलाइन प्रश्नपत्र ऑब्जेक्शन मॉड्यूल के तहत परीक्षा संपन्न होने के बाद आयोग अपनी वेबसाइट पर प्रश्नपत्र की ए-सीरीज जारी करेगा। अभ्यर्थी सात दिनों के भीतर प्रश्नों और उनके विकल्पों की संरचना से संबंधित आपत्तियां निशुल्क दर्ज करा सकेंगे।
पहले चरण में प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के बाद आयोग उत्तर कुंजी (आंसर की) जारी करेगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को आंसर की पर भी सात दिनों के भीतर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। इस चरण में प्रति प्रश्न 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
आयोग इन आपत्तियों का परीक्षण विषय विशेषज्ञों के माध्यम से कराएगा। विशेषज्ञों की संस्तुतियों के आधार पर अंतिम आंसर की तैयार की जाएगी और इसी के आधार पर परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा। आयोग अंतिम आंसर की और परीक्षा परिणाम एक साथ जारी करेगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि दोनों चरणों में आपत्तियां केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी। किसी अन्य माध्यम से प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी आपत्तियां प्रमाण और साक्ष्यों के साथ ही दर्ज कराएं।

