देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पिछले दिनों देहरादून समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के छह से सात जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मंगलवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रहा। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई जिलों में बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि की भी सूचना मिली। अचानक बदले मौसम से जहां किसानों की चिंता बढ़ी है, वहीं आम लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

