लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi की ओर से जून में राजस्थान के कोटा से शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की अनुगूंज अब 17 जुलाई को देहरादून में भी सुनाई देगी। देहरादून के सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू रेसकोर्स मैदान में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी करीब दो घंटे तक छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी के कार्यक्रम की रूपरेखा को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी 17 जुलाई को दिल्ली से चार्टर्ड विमान के जरिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से देहरादून आएंगे।
दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे वह एक होटल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ganesh Godiyal, प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारियों, नेता प्रतिपक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन बैठक करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद शाम करीब छह बजे राहुल गांधी सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू रेसकोर्स मैदान पहुंचेंगे, जहां वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत छात्रों और युवाओं से प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में नकल, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर संवाद करेंगे। कार्यक्रम में राहुल गांधी अकेले ही मंच साझा करेंगे।
कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक छात्रों और युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। भीड़ को देखते हुए मैदान में बड़ी एलईडी और टीवी स्क्रीन लगाने की तैयारी की गई है। युवाओं को आकर्षित करने के लिए चर्चित रैपर Vivek Arora और Saurabh Singh Rawat की प्रस्तुतियां भी होंगी।
युवाओं से संवाद के बाद राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

