ऋषिकेश/पौड़ी। मौसम में सुधार के बाद पिछले दो दिनों से रोकी गई चारधाम यात्रा सोमवार को फिर शुरू कर दी गई। चारधाम यात्रा नियंत्रण संगठन, ऋषिकेश से मिले निर्देशों के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर यात्रा से रोक हटा दी गई। इसके साथ ही यात्रियों को चारधाम की ओर जाने की अनुमति दे दी गई है।
प्रशासन ने सभी पुलिस और तहसील प्रशासन को यात्रा को नियमित और निर्बाध रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि क्षेत्र में अभी भी बारिश का मौसम बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों और यात्रा नोडल अधिकारियों को अलर्ट रहने के साथ ही आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश में 123 सड़कें बंद
बारिश के कारण प्रदेश में सड़क बंद होने का सिलसिला जारी है। राज्य में 79 ग्रामीण सड़कों समेत कुल 123 मार्ग बंद हैं। सबसे अधिक प्रभावित पौड़ी जिला है, जहां 27 मार्ग बंद हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा में 20, नैनीताल में 22, चमोली में 14, पिथौरागढ़ में 13, टिहरी में आठ, देहरादून में छह, उत्तरकाशी में छह, रुद्रप्रयाग में चार, बागेश्वर में दो और चंपावत में एक मार्ग बंद है।
सड़कों के बंद होने से कई क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग बंद मार्गों को खोलने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

