रुद्रप्रयाग। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने शनिवार को जिला आपदा परिचालन केंद्र में अधिकारियों के साथ बैठक कर मौसम की स्थिति और आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करें और आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करें।
कैमरों से क्षेत्रों की निगरानी
जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से कैमरों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान केदारनाथ धाम यात्रा की भी लगातार निगरानी की गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ धाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्थानों पर प्रशासन की टीमें तैनात की गई हैं। मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
खोज एवं बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश
जिलाधिकारी ने खोज एवं बचाव दलों को जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रतिकूल मौसम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

