Friday, October 30, 2026
Homeरुद्रप्रयागबर्फ की सफेद चादर से ढका केदारनाथ धाम, ठंड और खराब मौसम...

बर्फ की सफेद चादर से ढका केदारनाथ धाम, ठंड और खराब मौसम के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम ने एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। चारों ओर बर्फ से ढकी चोटियों और बीच में स्थित बाबा केदार के धाम का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है। शुक्रवार को भी धाम में बर्फबारी जारी रही। खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। यात्री बर्फ से ढके धाम की खूबसूरती देखकर मंत्रमुग्ध नजर आ रहे हैं।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

धाम में लगातार गिरते तापमान और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने और मौसम के अनुरूप ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है, ताकि मौसम की चुनौती के बीच यात्रा सुरक्षित बनी रहे।

निचले इलाकों में भी बदला मौसम

इधर, रुद्रप्रयाग जिले के निचले इलाकों में भी शुक्रवार सुबह से मौसम खराब बना हुआ है। जिला मुख्यालय के साथ ही गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ में आसमान बादलों से ढका रहा। कुछ क्षेत्रों में सुबह हल्की बारिश भी हुई। तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने के चलते लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।

केदारनाथ में अब तक 18.60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बर्फबारी और ठंड के बावजूद केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। 29 अक्टूबर को 7,328 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में धाम पहुंचकर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 18,60,360 हो गई है।

बर्फ की सफेद चादर से ढका धाम श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मौसम की चुनौतियों के बीच भी भक्तों की आस्था और बाबा के दर्शन का उत्साह बरकरार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments