उत्तरकाशी। मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट को देखते हुए उत्तरकाशी जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर हीना और डोबाटा होल्डिंग प्वाइंट पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, बदरीनाथ-केदारनाथ धाम की यात्रा सुचारू रूप से जारी है।
प्रशासन ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और स्मार्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखा है। जिले की सभी तहसीलों से बारिश और भूस्खलन से संबंधित सूचनाएं लगातार प्राप्त की जा रही हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की लाइव सीसीटीवी के माध्यम से भी हालात पर नजर रखी जा रही है।
सड़कें बंद होने पर तत्काल खोलने के निर्देश
प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आवश्यक मशीनरी और मैनपावर तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी मार्ग के बाधित होने की स्थिति में उसे जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने को कहा गया है।
सभी तहसीलों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला स्तर पर देने को कहा है, ताकि जरूरत के अनुसार राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

