Thursday, October 8, 2026
Homeउत्तरकाशीउत्तरकाशी पहुंचे सीएम धामी, विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने की घोषणा; कांग्रेस कार्यकर्ता...

उत्तरकाशी पहुंचे सीएम धामी, विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने की घोषणा; कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री रामलीला मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाए जाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की बात कही।

‘नर सेवा नारायण सेवा’ के भाव से लोगों तक पहुंच रही सरकार

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए अब व्यवस्था को लोगों के घर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि ‘नर सेवा नारायण सेवा’ के भाव के साथ सरकार प्रत्येक व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री ने कहा था कि 21वीं सदी उत्तराखंड की होगी।

लखपति दीदी योजना का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने लखपति दीदी योजना समेत विभिन्न योजनाओं को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तराखंड में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है।

सीएम के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह रहा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं, पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

इधर, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने उनके घरों से हिरासत में लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments