देहरादून। दोस्तों के बीच हुई नाराजगी को दूर करने के लिए किया गया एक मजाक युवकों को भारी पड़ गया। अपने दोस्त से कई दिनों तक बातचीत बंद होने पर तीन युवकों ने उसे “लापता” घोषित कर दिया और उसकी तस्वीर वाले गुमशुदगी के पोस्टर शहरभर में चस्पा कर दिए। मामला तब तूल पकड़ गया जब पोस्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और युवक के परिजनों तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार रेलवे सड़क निवासी एक युवक एक निजी संस्था में कार्यरत है। किसी बात को लेकर उसकी अपने तीन दोस्तों से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद उसने उनसे बातचीत बंद कर दी। दोस्त उसे मनाने के लिए अनोखा तरीका अपनाने की सोच बैठे।
युवकों ने अपने दोस्त की फोटो के साथ “गुमशुदा” लिखवाकर पोस्टर तैयार कराए और उन्हें अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर तथा आशुतोष नगर क्षेत्र की दीवारों पर चिपका दिया। इतना ही नहीं, पोस्टर में युवक को ढूंढकर लाने वाले के लिए सिगरेट की डिब्बी इनाम के तौर पर घोषित की गई। बाद में इन पोस्टरों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया गया।
वायरल वीडियो पर जब युवक और उसके परिजनों की नजर पड़ी तो वे नाराज हो गए और कोतवाली पहुंचकर संबंधित युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए बुलाया।
पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिस को बताया कि उनका दोस्त कई दिनों से उनसे बात नहीं कर रहा था। उसे मनाने और मजाक के तौर पर उन्होंने यह हरकत की थी।
प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि सभी युवकों को कोतवाली बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस का कहना है कि भविष्य में इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना मजाक को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

