देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य की राजस्व प्राप्तियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों से विभागवार राजस्व स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संग्रहण में तेजी लाई जाए और लंबित टैक्स रिकवरी पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक मजबूती के लिए राजस्व प्राप्तियों का सुदृढ़ होना आवश्यक है।
बैठक में कर अपवंचन पर रोक लगाने, बकाया करों की समयबद्ध वसूली तथा राजस्व बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

