देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 और 13 जून को दो दिवसीय देहरादून दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति 13 जून की सुबह 7:30 बजे देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और नए कैडेट्स से सलामी लेंगी।
आईएमए में पासिंग आउट परेड की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अकादमी परिसर में विशेष उत्साह का माहौल है। इस बार की परेड कई मायनों में खास मानी जा रही है, क्योंकि इसमें महिला कैडेट्स भी शामिल होंगी। आईएमए इसे अपने इतिहास का एक गौरवशाली क्षण मान रहा है।
पासिंग आउट परेड भारतीय सैन्य अकादमी के प्रशिक्षण सत्र के समापन का प्रतीक होती है। परेड के बाद कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर देश सेवा के लिए विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किए जाएंगे।
परेड को सफल बनाने के लिए कैडेट्स लगातार कठिन अभ्यास कर रहे हैं। ड्रिल और मार्चिंग का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आईएमए के वरिष्ठ अधिकारी कैडेट्स को विशेष प्रशिक्षण देकर उनकी क्षमता और प्रदर्शन को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
गौरतलब है कि इंडियन मिलिट्री एकेडमी की स्थापना एक अक्टूबर 1932 को हुई थी। इसका उद्घाटन तत्कालीन कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल सर फिलिप चेटवोड ने किया था। शुरुआत में अकादमी की प्रशिक्षण क्षमता 40 जेंटलमैन कैडेट्स की थी, जो अब बढ़कर 1650 तक पहुंच चुकी है। अब तक 64 हजार से अधिक जेंटलमैन कैडेट्स आईएमए से प्रशिक्षण प्राप्त कर देश सेवा में योगदान दे चुके हैं।

