देहरादून: वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर कांग्रेस उनके कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है, वहीं भाजपा लगातार हमलावर नजर आ रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव के समय नेताओं का आना-जाना सामान्य बात है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी चुनाव से पहले प्रदेश आते, तो उसे अधिक गंभीरता से लिया जाता।
पेपर लीक के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पेपर लीक की घटनाएं होती थीं, जबकि उनकी सरकार में ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस को अपने कार्यकाल और अपने नेताओं से सवाल पूछने चाहिए।
सीएम धामी ने कहा कि चुनावी माहौल में कांग्रेस के बड़े नेताओं का प्रदेश में आना स्वाभाविक है और आने वाले समय में भी उनके कई दौरे देखने को मिलेंगे।
गौरतलब है कि राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे, जहां वे ‘छात्रों की गूंज’ सम्मेलन में शामिल होकर छात्रों से संवाद करेंगे।

