यमुनोत्री/उत्तरकाशी: लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्यानाचट्टी के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को हाईवे पर यातायात जल्द बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर करने और सभी आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को राहत, बचाव और पुनर्बहाली के कार्य पूरी संवेदनशीलता और तेजी के साथ करने के निर्देश दिए।
डीएम ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा वैकल्पिक पैदल मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त रस्सियां, सोलर लाइट और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा यमुना नदी पर किए जा रहे चैनलाइजेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के प्रवाह को सुचारु बनाए रखने, गढ़गाड़ क्षेत्र में मलबा हटाने का अभियान तेज करने तथा चैनलाइजेशन कार्य में मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
डीएम प्रशांत आर्य ने कहा कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी कर रहा है और राहत, सुरक्षा तथा यातायात बहाली से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाएगा।

