देहरादून। प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक संसाधनों के अभाव में प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को प्रभावित होने से रोकना है। इसके तहत राज्य के विश्वविद्यालयों के साथ ही शासकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी।
योजना में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं, रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को शामिल किया गया है।
इसके अलावा CUET, CAT, GATE, UGC-NET और CSIR-NET जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी युवाओं को विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को मिलेगा सबसे अधिक लाभ
‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का लाभ खास तौर पर प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को मिलेगा। अब उन्हें गुणवत्तापूर्ण कोचिंग के लिए देहरादून, हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। युवा घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

