Friday, July 17, 2026
Homeहरिद्वारगुप्त नवरात्र पर मनसा देवी मंदिर का औचक निरीक्षण, पुजारियों की तलाशी...

गुप्त नवरात्र पर मनसा देवी मंदिर का औचक निरीक्षण, पुजारियों की तलाशी और सीसीटीवी की जांच

गुप्त नवरात्र के पहले दिन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रविंद्रपुरी ने मनसा देवी मंदिर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में सुरक्षा और दान व्यवस्था का जायजा लिया तथा पुजारियों की तलाशी लेने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की।

श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने बताया कि मठ-मंदिरों में दान चोरी के आरोपों के बाद श्रद्धालुओं की आस्था बनाए रखने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने पुजारियों को बिना जेब वाले कपड़े भी वितरित किए। उनका कहना था कि अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे में अनियमितता के आरोपों के बाद ट्रस्ट ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि दान राशि में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं से मंदिर में दान देने के बाद उसकी रसीद अवश्य प्राप्त करने की अपील भी की।

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कार सेवा के लिए संत समाज तैयार

श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि संत समाज मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कार सेवा के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में आगे की कार्रवाई केंद्र और राज्य सरकार की अनुमति के बाद ही की जाएगी। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर की तर्ज पर मथुरा में भव्य श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण की मांग भी दोहराई।

इसके अलावा उन्होंने 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments