हरिद्वार। हरिद्वार आ रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं की एक बस के आवश्यक कागजात पूरे नहीं मिलने पर एआरटीओ की टीम ने कार्रवाई करते हुए बस को सीज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद श्रद्धालु भड़क उठे और रोडवेज परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान एआरटीओ टीम ने बस को रोककर चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज मांगे। जांच में आवश्यक कागजात मौके पर उपलब्ध नहीं मिले, जिसके बाद अधिकारियों ने बस को सीज कर दिया।
बस सीज होते ही श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताते हुए विरोध शुरू कर दिया। महिलाओं समेत कई यात्रियों ने कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि वे धार्मिक यात्रा पर निकले थे और इस कार्रवाई से उनकी आस्था को ठेस पहुंची है।
हंगामे और शोर-शराबे के बीच रोडवेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में अधिकारियों ने यात्रियों को नियमों की जानकारी देकर शांत कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं को रोडवेज की दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

