Friday, August 21, 2026
Homeहरिद्वाररुड़की में अनोखा प्रदर्शन: जलभराव की समस्या लेकर नगर निगम पहुंचे स्कूली...

रुड़की में अनोखा प्रदर्शन: जलभराव की समस्या लेकर नगर निगम पहुंचे स्कूली बच्चे, कार्यालय में लगी क्लास

रुड़की। देशभर में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षकों की मांग को लेकर जेन अल्फा के प्रदर्शन के बीच शुक्रवार को रुड़की में भी विरोध का अनोखा नजारा देखने को मिला। कृष्णा नगर स्थित स्काईवर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंच गए।

एक के बाद एक तीन स्कूल बसों के निगम परिसर में पहुंचने से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। दरअसल, स्कूल के बाहर लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान बच्चे और शिक्षक अपनी शिकायत लेकर नगर निगम पहुंचे थे। स्कूल के बाहर कई फीट तक पानी जमा होने के कारण बच्चों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जलभराव की समस्या को लेकर बच्चों और शिक्षकों में नगर निगम के खिलाफ नाराजगी दिखाई दी। उन्होंने नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के कार्यालय में पहुंचकर विरोध जताया और समस्या के जल्द समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने नगर आयुक्त के कार्यालय में ही बच्चों की क्लास भी लगाई। बच्चों के इस अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन की शहर में चर्चा रही। बच्चों और शिक्षकों का कहना था कि स्कूल के बाहर जलभराव के कारण पढ़ाई के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। शिक्षकों और बच्चों ने नगर निगम से स्कूल के बाहर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments