Sunday, October 11, 2026
Homeहरिद्वारहरिद्वार के नारायणी शिला मंदिर पहुंचे हिमंत बिस्वा सरमा, राहुल गांधी पर...

हरिद्वार के नारायणी शिला मंदिर पहुंचे हिमंत बिस्वा सरमा, राहुल गांधी पर कसा तंज; दिल्ली आंदोलन को बताया तमाशा

हरिद्वार। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध नारायणी शिला मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। सरमा ने बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से लगातार नारायणी शिला मंदिर में पूजा करने आ रहे हैं। यहां आकर उन्हें असीम शांति की अनुभूति होती है।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मिलने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राष्ट्रपति देश के राष्ट्रपति हैं और उनसे कोई भी मिल सकता है। इसी तरह सुप्रीम कोर्ट में भी हर दिन हजारों लोग जाते हैं।

उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जब राहुल गांधी चंद्रयान और मंगलयान में जाएंगे, तब उनसे पूछा जाए कि उन्होंने कोई चमत्कार किया है।

‘कॉकरोच’ वाले बयान पर भी की टिप्पणी

हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने बयान में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, उनके बारे में बात करने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि आज उन लोगों की बात होनी चाहिए, जो खुद को युवा शक्ति बताते हैं।

दिल्ली आंदोलन को बताया तमाशा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में चल रहे आंदोलन पर भी असम के मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है और 140 करोड़ लोगों में से बहुत कम लोग ही आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।

सरमा ने दावा किया कि आंदोलन में शामिल लोगों की तुलना में 100 गुना अधिक जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसकी यह कोशिश कभी सफल नहीं होगी।

उन्होंने भाजपा की चुनावी जीत का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी असम और पश्चिम बंगाल में उपचुनाव जीत रही है। सरमा ने कहा कि विपक्ष के आरोपों से सरकार डरने वाली नहीं है। उन्होंने दिल्ली में की गई घेराबंदी का बचाव करते हुए कहा कि ऐसा इसलिए किया गया, ताकि प्रदर्शनकारी वहां जाकर हंगामा न करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments