हरिद्वार। हरिद्वार के चौधरी चरण सिंह घाट (वीआईपी घाट) पर आयोजित किसान संगठन के सम्मेलन में शुक्रवार को विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में किसान समस्याओं पर चर्चा के बजाय मंच पर महिला कलाकारों द्वारा गीत-संगीत और प्रस्तुति का आयोजन किया गया, जिस पर संगठन के कुछ पदाधिकारियों द्वारा जमकर पैसे उड़ाए गए।
घाट परिसर में हुए इस कार्यक्रम का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने इस पर नाराजगी जताई है।
श्री गंगा सभा ने वीआईपी घाट जैसे धार्मिक और संवेदनशील स्थल पर इस प्रकार के आयोजन पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। गंगा सभा पदाधिकारियों का कहना है कि गंगा घाटों की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इस तरह के कार्यक्रम धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं।
मामले को लेकर अब विवाद गहराता नजर आ रहा है। गंगा सभा ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं कार्यक्रम आयोजकों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

