मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार में उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड के माध्यम से संचालित हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के प्रथम चरण के तहत करीब 235 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और भूमिपूजन किया। इस दौरान हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 213 करोड़ रुपये से अधिक लागत की चार प्रमुख परियोजनाओं की शुरुआत की गई।
इन परियोजनाओं में प्रशासनिक मार्ग निर्माण, हर की पैड़ी पुनर्विकास, हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना का विकास तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करना और तीर्थयात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी विकास कार्यों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आने वाले कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए घाटों, पुलों, संपर्क मार्गों और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।
परियोजनाओं के तहत 43.25 करोड़ रुपये से प्रशासनिक मार्ग का निर्माण, 66.75 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी और सुभाष घाट का पुनर्विकास, 66.34 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे का विकास तथा 58.34 करोड़ रुपये से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का पुनर्विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा कॉरिडोर और अन्य धार्मिक-पर्यटन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार के विकास को केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर भी समान रूप से कार्य कर रही है।

