रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में दो दिवसीय वार्षिक दीक्षांत समारोह 2026 का शुभारंभ हुआ। इस वर्ष संस्थान के कुल 2701 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जा रही हैं। समारोह के पहले दिन परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समारोह के पहले दिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत कुमार डोभाल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने आईआईटी रुड़की के गौरवशाली इतिहास और वैश्विक स्तर पर संस्थान के योगदान की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी दक्षता और ज्ञान का उपयोग देश के विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के लिए करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं और तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका पर जोर दिया। पहले दिन मुख्य रूप से स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।
शोध और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर जोर
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत ने संस्थान की उपलब्धियों, शोध कार्यों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। दूसरे दिन हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट समेत आईआईटी रुड़की के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

