Wednesday, June 24, 2026
Homeहरिद्वारनिर्जला एकादशी और वीकेंड पर हरिद्वार में उमड़ेगा जनसैलाब, 25 से 28...

निर्जला एकादशी और वीकेंड पर हरिद्वार में उमड़ेगा जनसैलाब, 25 से 28 जून तक ट्रैफिक प्लान लागू

हरिद्वार। जून के अंतिम सप्ताह में धर्मनगरी हरिद्वार में एक बार फिर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। 25 जून को निर्जला एकादशी स्नान पर्व, 26 जून को मोहर्रम का अवकाश और इसके बाद वीकेंड होने के कारण प्रशासन ने 25 से 28 जून तक लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान जताया है। संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की है।

हाल ही में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर करीब 76 लाख श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे थे। इसी तरह इस बार भी रिकॉर्ड भीड़ की आशंका के चलते ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है। पुलिस की ओर से जारी यातायात प्लान के अनुसार भीड़ बढ़ने की स्थिति में भारी वाहनों को जिले की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब, हरियाणा, नजीबाबाद, ऋषिकेश और देहरादून से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

यातायात का दबाव बढ़ने पर नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग एवं होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। चीला मार्ग का उपयोग केवल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों की निकासी के लिए किया जाएगा। वहीं, गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक के माध्यम से शहर में नियंत्रित एंट्री कराई जाएगी, ताकि मुख्य मार्गों पर दबाव कम किया जा सके।

दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, नजीबाबाद और मुरादाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर-श्यामपुर-चंडी चौकी मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि बड़े वाहनों को गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लालजीवाला, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग तय की गई है।

भीड़ के दौरान ऑटो और विक्रम वाहनों की आवाजाही पर भी विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में जयराम मोड़, रानीपुर मोड़ और देवपुरा क्षेत्र में चरणबद्ध डायवर्जन लागू किया जाएगा। ललतारो पुल से शिवमूर्ति चौक तक ऑटो, विक्रम और टैक्सी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार 24 जून की रात 10 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, 25 जून को सुबह तीन बजे से दिल्ली-मुजफ्फरनगर मार्ग से आने वाली बसों और बड़े यात्री वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक रूप से शहर के भीतरी क्षेत्रों में वाहन लेकर प्रवेश न करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सुनियोजित यातायात व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम गंगा स्नान का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments