हरिद्वार। प्रमाणपत्र फर्जीवाड़े के मामले में एसआईटी ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीम ने धीरज श्रीवास्तव को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब साढ़े पांच लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि धीरज श्रीवास्तव मध्य प्रदेश का रहने वाला है और आरोप है कि वह एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर कमीशन लेता था। जांच के दौरान धीरज और इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके रूपेश पंडित के बीच संबंध सामने आए हैं।
एसएसपी के मुताबिक, धीरज और रूपेश की दो साल पहले उत्तरकाशी में मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। पुलिस इस संबंध में दोनों की भूमिका और आपसी लेनदेन की जांच कर रही है।
वहीं, एसआईटी ने पहले गिरफ्तार किए गए रूपेश पंडित की निशानदेही पर आठ लाख रुपये की अतिरिक्त रकम भी बरामद की है। मामले में एसआईटी फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए दाखिले और इससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही है।

