हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई। मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के सदस्य बैठक में शामिल होने के लिए सीसीआर पहुंचे। बैठक में अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियों, बुनियादी सुविधाओं के विकास और प्रदेश के विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के अवसर पर उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने मां गंगा से देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण की भी प्रार्थना की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
उत्तराखंड बनने के बाद हरिद्वार में तीसरी कैबिनेट बैठक
राज्य गठन के बाद हरिद्वार में यह तीसरी कैबिनेट बैठक है। इससे पहले वर्ष 2010 में कुंभ मेले के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी। वहीं, वर्ष 2016 में अर्धकुंभ से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत की अध्यक्षता में सीसीआर में कैबिनेट बैठक हुई थी।
इस बार अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हरिद्वार में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेला क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास, निर्माण कार्यों में तेजी और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों के अलग कैडर पर हो सकता है फैसला
कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य, आवास, शहरी विकास, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जा सकता है। राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से उनके लिए अलग कैडर गठित करने के प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल निर्णय ले सकता है।
इसके अलावा आगामी विधानसभा सत्र की तारीखों और कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। सत्र गैरसैंण में 21 से 24 अक्टूबर के बीच आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इस संबंध में कैबिनेट की बैठक में निर्णय लिया जा सकता है।
चंपावत के बाद हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने की पहल को शासन के विकेंद्रीकरण और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कैबिनेट बैठक के बाद दिल्ली जाएंगे मुख्यमंत्री
हरिद्वार में बैठक संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनका शाम 4:30 बजे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात का कार्यक्रम है। इस दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न योजनागत विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

.jpeg)
.jpeg)

