हरिद्वार। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा का गुरुवार से विधिवत शुभारंभ हो गया। धर्मनगरी हरिद्वार में सुबह से ही हर की पैड़ी और गंगा घाटों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। कंधों पर कांवड़ और हाथों में गंगाजल लिए श्रद्धालु ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय देते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
रंग-बिरंगी कांवड़ों, भगवा वस्त्रों और शिवभक्ति के माहौल से पूरी धर्मनगरी शिवमय नजर आई। गंगा जल भरने के बाद श्रद्धालु भगवान शिव का स्मरण करते हुए अपने-अपने राज्यों और शहरों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। आगामी 11 अगस्त तक चलने वाली इस यात्रा में करोड़ों शिवभक्तों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है।
यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। कांवड़ पटरी मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग, हर की पैड़ी, प्रमुख घाटों, मंदिरों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल के करीब 6,000 जवान तैनात किए गए हैं।
यात्रा मार्गों पर लगातार पुलिस गश्त की जा रही है। वहीं ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेले पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने और सुरक्षा निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।

