भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वर्ष 2026 के लिए अपनी ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप की घोषणा कर दी है। इस पहल के तहत देशभर के छात्रों को राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर काम करने का मौका मिलेगा, जिससे उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त होगा।
यह इंटर्नशिप 4 मई से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसमें तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों के छात्रों को शामिल किया गया है। तकनीकी विषयों में सिविल इंजीनियरिंग, आईटी, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन, डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शामिल हैं। वहीं, गैर-तकनीकी क्षेत्रों में कानून, वाणिज्य, विज्ञान, प्रबंधन, जनसंचार और लाइब्रेरी साइंस के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।
चयनित उम्मीदवारों को NHAI के मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालयों में काम करने का अवसर मिलेगा, जहां वे अनुभवी पेशेवरों के मार्गदर्शन में इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कार्यप्रणाली को समझेंगे। इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को ₹20,000 प्रति माह का स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
इस इंटर्नशिप के लिए NIRF रैंक वाले कॉलेज, प्रतिष्ठित लॉ यूनिवर्सिटी, टॉप मैनेजमेंट संस्थान और जनसंचार संस्थानों में पढ़ रहे ग्रेजुएशन व पोस्ट ग्रेजुएशन के छात्र आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार NHAI के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
गौरतलब है कि यह प्रोग्राम दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था, जिसे छात्रों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। पहले चरण में 244 सिविल इंजीनियरिंग छात्रों ने एक महीने की इंटर्नशिप पूरी की, जबकि 149 छात्रों ने जनवरी से जून 2026 तक की छह महीने की इंटर्नशिप में भाग लिया। इस सफलता के बाद अब ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप का दायरा बढ़ाया गया है, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को इसका लाभ मिल सके।

