नैनीताल। कैंची धाम के स्थापना दिवस पर सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह पांच बजे बाबा नीब करौरी महाराज को मालपुए का भोग अर्पित किए जाने के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद रातभर कतारों में इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं का मंदिर में क्रमवार प्रवेश शुरू हुआ।
मंदिर परिसर बाबा नीब करौरी महाराज और श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु दर्शन के बाद महाप्रसाद और मालपुए का प्रसाद ग्रहण कर वापस लौटते रहे। मंदिर समिति के सेवादार लगातार श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह छह बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे, जबकि सुबह आठ बजे तक यह संख्या 25 हजार के पार पहुंच गई। श्रद्धालुओं की आमद लगातार जारी है और बड़ी संख्या में भक्त कैंची धाम पहुंच रहे हैं।
भीड़ को देखते हुए सुबह छह बजे के बाद भवाली की ओर से करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। श्रद्धालु अनुशासित ढंग से बाबा के जयकारों के साथ मंदिर में प्रवेश कर दर्शन कर रहे हैं। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
स्थापना दिवस के अवसर पर कैंची धाम में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

