रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में तैनात वनकर्मियों पर ग्रामीणों के साथ मारपीट का आरोप लगने के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। घटना से नाराज एक युवक ढेला वन चौकी की छत पर चढ़ गया और आरोपी वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई व निलंबन की मांग करने लगा। मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों, पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, ढेला गांव निवासी शिव गिरी और वन गुर्जर नंदू जंगल के किनारे जलाऊ लकड़ी लेने गए थे। आरोप है कि इस दौरान एक वन आरक्षी और दो दैनिक कर्मी उन्हें पकड़कर ढेला वन चौकी ले आए। वहां वन अधिनियम के तहत उनका चालान कर जुर्माना वसूला गया। इसके बाद दोनों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है, जिससे वे घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर शिव गिरी का भतीजा चंदन गिरी पेट्रोल लेकर वन चौकी की छत पर चढ़ गया और आरोपी वनकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगा। इस बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण भी रेंज कार्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक महिला वनकर्मी ने भी उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की।
सूचना मिलने पर पुलिस, वन विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और काफी देर की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर दोषी वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

