Saturday, October 17, 2026
Homeनैनीतालरामनगर के दो रिजॉर्ट पर राज्य कर विभाग का छापा, तीन करोड़...

रामनगर के दो रिजॉर्ट पर राज्य कर विभाग का छापा, तीन करोड़ की राजस्व क्षति का मामला आया सामने

रामनगर। राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने रामनगर के दो रिजॉर्ट पर छापेमारी कर करीब तीन करोड़ रुपये की राजस्व क्षति का मामला पकड़ा है। जांच के दौरान जीएसटी से जुड़ी अनियमितताएं सामने आने के बाद एक रिजॉर्ट प्रबंधन ने देर रात एक करोड़ रुपये जमा करा दिए। वहीं, शेष राशि जल्द जमा कराने की बात कही गई है।

भलौन के रिजॉर्ट में ढाई करोड़ की राजस्व क्षति

बृहस्पतिवार को राज्य कर विभाग की टीम ने ग्राम भलौन और पीरूमदारा स्थित दो रिजॉर्ट में जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने जीएसटी से संबंधित प्रपत्रों, खातों और कारोबारी दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच में दोनों रिजॉर्ट से जुड़े मामलों में करीब तीन करोड़ रुपये की राजस्व क्षति सामने आई।

राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर विनय प्रकाश ओझा ने बताया कि भलौन स्थित रिजॉर्ट में वर्ष 2025 से उत्तराखंड राज्य कर का भुगतान नहीं किया जा रहा था। जांच में करीब ढाई करोड़ रुपये की राजस्व क्षति पाई गई। इसके बाद रिजॉर्ट प्रबंधन ने एक करोड़ रुपये तत्काल जमा करा दिए, जबकि शेष राशि जल्द जमा कराने की बात कही है।

फर्जी बिलों से जीएसटी रिफंड का दावा

वहीं, पीरूमदारा स्थित दूसरे रिजॉर्ट के मामले में बिना माल की बिक्री किए फर्जी बिल तैयार कर जीएसटी रिफंड के लिए 50 लाख रुपये का दावा किए जाने की बात सामने आई है। विभाग ने रिजॉर्ट प्रबंधन को भविष्य में इस तरह की गतिविधि नहीं करने की चेतावनी दी है।

राज्य कर विभाग की इस कार्रवाई से रिजॉर्ट कारोबार में जीएसटी अनुपालन और कारोबारी दस्तावेजों की पारदर्शिता को लेकर जांच तेज होने का संकेत मिला है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments