लालकुआं (नैनीताल)। उत्तराखंड न्याय यात्रा के लालकुआं पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी, पलायन, अपराध, जमीनों से जुड़े मामलों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार से सवाल पूछे। साथ ही प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों के दोहन का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
बुधवार को लालकुआं कोतवाली के समीप आयोजित सभा में यशपाल आर्य ने दावा किया कि प्रदेश के करीब 12 हजार गांव खाली हो चुके हैं और लगभग पांच हजार विद्यालय बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण पलायन बढ़ रहा है, जो उत्तराखंड के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से रोजगार सृजन, पलायन पर रोक लगाने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
जल, जंगल और जमीन के दोहन का लगाया आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश के जल, जंगल और जमीन जैसे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के बजाय उनका दोहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश के संसाधनों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए जवाबदेही तय करनी चाहिए।
वोट चोरी और अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाया
यशपाल आर्य ने राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे वोट चोरी के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रभावशाली लोगों को बचाने का आरोप लगाया और उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
गांव-गांव जाकर जनता से जुड़ने की अपील
यशपाल आर्य ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने तथा पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बेरोजगारी, पलायन और अन्य जनहित के मुद्दों पर जवाब देना होगा।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, रविशंकर तिवारी, प्रमोद कॉलोनी, शंकर जोशी, बीना जोशी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष भवन पांडे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल, नगर अध्यक्ष भुवन पांडे समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

.jpeg)
.jpeg)

