Sunday, March 8, 2026
Homeखास खबरहिमालयन माउंटेन टैरेन बाइकिंग चैलेंज का हुआ आगाज

हिमालयन माउंटेन टैरेन बाइकिंग चैलेंज का हुआ आगाज


देहरादून। संवाददाता। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, एशियन डेवलपमेंट बैंक एवं साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित द अल्टीमेट हिमालयन माउंटेन टैरेन बाइकिंग चैलेंज का आगाज नैनीताल के गोविंद बल्लभ पंत पार्क से हुआ। क्वालीफिकेशन राउंड में 87 प्रतिभागियों का चयन मुख्य प्रतिस्पर्धा के लिए किया गया। जिसमें 13 विदेशी पुरुष और नौ अंतरराष्ट्रीय महिलाएं हैं। देश के पुरुषों एवं महिलाओं की संख्या क्रमशः 62 व तीन है। यह आयोजन 26 अप्रैल को समाप्त होगा।

गुरूवार को सुबह लगभग 7ः15 बजे देश-विदेश से आए साइकिल सवारों को उल्टी गिनती के साथ फ्लैग ऑफ किया गया। साइकिल सवार यहां से शुरू होकर बारापत्थर, सड़िया ताल, रूसी बाईपास, वल्दिया खान, तल्लीताल, मॉल रोड से होते हुए 2 राउंड लगाने के बाद लगभग 48 किलोमीटर की दूरी तय कर प्रतियोगिता के मुख्य चरण में प्रवेश करने में सफल हुए। प्रतिस्पर्धा में उत्तराखंड के पुरुष तथा महिला खिलाड़ियों द्वारा भी प्रतिभाग किया जा रहा है।

भारी मौसम और हल्की बूंदाबांदी के बीच शुरू हुई प्रतियोगिता में देश-विदेश से आए साइकिल सवारों का उत्साह देखते ही बनता था। जोशीले नव युवकों एवं युवतियों के कौशल और स्टेमिना का आलम यह था कि आयोजकों के चैपहिया वाहनों को उन्हें ओवरटेक करने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही थी। रूट पर किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं हुई। साइकिल सवारों ने सुगमता पूर्वक 48 किलोमीटर लंबे क्वालीफाइंग राउंड को सुरक्षित पूरा किया।

माउंटेन बाइकिंग चैलेंज का उद्घाटन अपर सचिव पर्यटन सी रविशंकर ने मल्लीताल स्थिति शैले हॉल में किया। उन्होंने देश विदेश से पधारे युवाओं के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि साहस और रोमांच जीवन को गतिशील और जीवंत बनाने का काम करते हैं और उत्तराखंड का भौगोलिक परिदृश्य प्राकृतिक रूप से साहस और रोमांच से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन राज्य में साहसिक पर्यटन का भविष्य तलाशने में मील का पत्थर साबित होंगे और न केवल राज्य के पर्यटन बल्कि अर्थव्यवस्था को भी गतिशीलता प्रदान करेंगे।

उन्होंने बताया कि माउंटेन बाइक रैली का पहला पड़ाव अल्मोड़ा होगा। इसके बाद कौसानी, रुद्रप्रयाग, टिहरी चिन्यालीसौड़ और मसूरी होते हुए साइकिल सवारों का यह दल देहरादून पहुंचेगा, जहां 26 तारीख को प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments