हल्द्वानी। शहर के तिकोनिया चौराहे पर स्थित एक वाइन शॉप में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान और ऊपरी मंजिल में बने गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में करीब आठ करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मल्ला गोरखपुर निवासी राजेंद्र पाल की तिकोनिया क्षेत्र में वाइन शॉप है। देर रात करीब दो बजे दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान में भारी मात्रा में रखे शराब के स्टॉक ने आग को और भी विकराल बना दिया।
आग की लपटें और धुआं देखकर सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे तक लगातार मशक्कत की, जिसके बाद सुबह लगभग साढ़े चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की दुकानों पर भी खतरा मंडराने लगा था, लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की दुकानें जलने से बच गईं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
दमकल विभाग के एसएसओ एमपी सिंह ने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि आग की सूचना समय रहते मिल जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

