श्रीनगर गढ़वाल। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में शुक्रवार को कीर्तिनगर तहसील परिसर में युवाओं ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। इस दौरान युवाओं ने तहसील के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के नाम ज्ञापन भी भेजा।
समाजसेवी गणेश भट्ट के नेतृत्व में युवाओं ने कीर्तिनगर बाजार से तहसील तक पैदल मार्च निकाला। तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
गणेश भट्ट ने कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही कथित गड़बड़ियों से छात्र-छात्राओं में गहरा आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
समाजसेवी बीना चौधरी नेगी ने कहा कि आंदोलन के दौरान छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार और बल प्रयोग के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कुलदीप राणा, रवींद्र बिष्ट, अभिषेक उपाध्याय, प्रवीण सालेरा, विजय कुमार, अनिल खत्री सहित अन्य युवाओं ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती एवं परीक्षा व्यवस्था की मांग की।

