श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में आज छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। बिड़ला परिसर में बनाए गए 14 मतदान केंद्रों पर 8776 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया दोपहर दो बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना शुरू की जाएगी और शाम पांच बजे के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बिड़ला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पीएसी के जवानों के साथ ही जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती ने मतदान को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी छात्र किसी संगठन की ऐसी मुद्रित सामग्री का इस्तेमाल न करे, जिससे संबंधित संगठन की पहचान उजागर हो। उन्होंने सभी छात्र संगठनों और छात्रों से पूर्व में जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार ने बताया कि सभी 8776 छात्र-छात्राओं को परिचय पत्र वितरित किए जा चुके हैं। बृहस्पतिवार तक लगभग सभी विद्यार्थियों को उनके परिचय पत्र उपलब्ध करा दिए गए थे।
वहीं, प्रशासन की ओर से उपजिलाधिकारी नुपूर वर्मा ने भी चुनाव समिति को लिंगदोह समिति की सिफारिशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने भी चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।

