श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम की ओर एक अनोखी पदयात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। उत्तर प्रदेश के वृंदावन से 17 वर्षीय युवक यशवंत चौधरी टेडीबियर का रूप धारण कर गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से पैदल यात्रा पर निकला है।
करीब साढ़े तीन महीने पहले शुरू हुई इस यात्रा में यशवंत वृंदावन से खाटू श्याम मंदिर होते हुए अब उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। शनिवार को वह श्रीनगर क्षेत्र में पहुंचे, जहां लोगों ने उनके अनोखे प्रयास की सराहना की।
यशवंत ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और इसी वर्ष जनवरी में इस पदयात्रा का संकल्प लिया। उनका कहना है कि यह विचार उन्हें स्वयं आया और वह इसे पूरा करने के लिए निकल पड़े।
उन्होंने बताया कि अब तक उन्हें यात्रा करते हुए लगभग 75 दिन हो चुके हैं और वह रोजाना 20 से 25 किलोमीटर पैदल चल रहे हैं। रास्ते में उन्हें भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी मिल रही है।
यशवंत का कहना है कि अगर उनके इस प्रयास से गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिल जाता है, तो यह उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने आगे बदरीनाथ धाम, गंगोत्री धाम, यमुनोत्री धाम के साथ-साथ सोमनाथ मंदिर तक पैदल यात्रा करने की योजना भी साझा की। यह अनोखी पदयात्रा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और समाज में एक अलग संदेश देने का प्रयास कर रही है।

