मिलम/पिथौरागढ़ । भारत के प्रथम ग्राम एवं माँ नन्दा देवी की पावन भूमि तथा रमणीय पर्यटन स्थल मिलम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सीमांतवासियों, युवाओं, मातृशक्ति एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन एवं संतुलित जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने सभी योग साधकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या भी उपस्थित रहीं। भारतीय जनता पार्टी पिथौरागढ़ द्वारा आयोजित इस योग कार्यक्रम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने भी उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जितेंद्र प्रसाद, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता तथा सैकड़ों की संख्या में सीमांत क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे। मातृशक्ति, बुजुर्गों एवं युवा साथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
योग दिवस के अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने स्वस्थ एवं निरोगी भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया।

