उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बाद जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने से प्रदेशभर में 100 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें अधिकांश सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार संबंधित विभाग बंद मार्गों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक देहरादून जिले में 10 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। वहीं अल्मोड़ा में पांच, रुद्रप्रयाग में चार, चमोली में 12 और पिथौरागढ़ में 14 सड़कें अवरुद्ध हैं। नैनीताल जिले में हल्द्वानी-भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामगढ़ पुल के पास सड़क धंसने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। इसके अलावा जिले की दो ग्रामीण सड़कें भी बंद हैं।
उत्तरकाशी जिले में ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी के पास मलबा आने से बाधित हो गया है। जिले के 10 ग्रामीण मार्ग भी बंद पड़े हैं। वहीं टिहरी जिले में नौ ग्रामीण सड़कों पर मलबा और पत्थर आने से यातायात प्रभावित हुआ है।
कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी बिजली चमकने के साथ तेज बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में 13 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं आगामी 18 जुलाई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना जताई गई है।

