देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मंगलवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश और तेज तूफान की संभावना जताई गई है।
केंद्र की ओर से देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ बारिश और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की बारिश और तूफान को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 12 अप्रैल तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। बीते कुछ दिनों से पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बनी हुई है।
सोमवार शाम को चली तेज हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, जिससे शाम के समय ठंड का अहसास हुआ। हालांकि, दिन के दौरान बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

