Sunday, October 25, 2026
Homeखास खबरघोषित हुई कपाट खुलने की तिथि, 29 अप्रैल को खुलेंगे 11वें ज्योतिर्लिंग...

घोषित हुई कपाट खुलने की तिथि, 29 अप्रैल को खुलेंगे 11वें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ के कपाट

रुद्रप्रयाग : महाशिवरात्रि पर आज शुक्रवार को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी गई। आगामी 29 अप्रैल को 11वें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ के कपाट खुलेंगे। मेष लग्न में सुबह 6:10 पर मंदिर का द्वार आम दर्शनों के लिए खोला जाएगा। इसके बाद छह माह तक अराध्य की पूजा-अर्चना धाम में ही होगी।

25 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में भगवान भैरवनाथ की पूजा होगी। 26 अप्रैल को केदारनाथ की पंचमुखी डोली धाम प्रस्थान करेगी। 27 को गौरीकुंड रात्रि विश्राम और 28 अप्रैल शाम को पंचमुखी डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी।  29 अप्रैल को मेष लग्न में सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।

इसके लिए ओंकारेश्वर मंदिर में खास तैयारियां की गई हैं। सुबह से ही आराध्य की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। प्रात: नौ बजे के बाद रावल गद्दी परिसर में हक-हकूकधारियों, आचार्यगणों, बीकेटीसी के पदाधिकारियों की मौजूदगी में पंचांग गणना के आधार पर केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि तय की। इसके बाद अब बाबा केदार की पंचमुखी भोगमूर्ति के चल उत्सव विग्रह डोली में विराजमान होकर धाम प्रस्थान का दिन भी तय किया जाएगा।

केदारनाथ यात्रा के सकुशल संचालन एवं विश्व कल्याण के लिए ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में महायज्ञ कर आहुतियां दी जा रही हैं। दोपहर को धार्मिक कार्यक्रमों के बाद शाम छह बजे से ओंकारेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व की पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी।

रावल भीमाशंकर लिंग ने बताया कि महाशिवरात्रि के पर्व पर धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के तहत भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना के साथ कपाट खुलने की तिथि तय की जाती है।

महाशिवरात्रि पर श्रीकेदारनाथ के कपाट खुलने की तिथि तय होते ही यात्रा तैयारियों का श्रीगणेश भी शुरू हो जाता है। शासन, प्रशासन, श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के साथ केदारघाटी समेत अन्य लोग भी यात्रा में रोजगार को लेकर अपनी तैयारियों में जुट जाते हैं।

वयोवृद्ध तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती बताते हैं कि बाबा की यात्रा तिथि घोषणा के दिन से केदारघाटी में उल्लास का माहौल हो जाता है। यात्रा से हजारों परिवारों की आजीविका से जुड़ी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments