देहरादून। उत्तराखंड में अगले वित्तीय वर्ष के लिए बिजली की नई दरों का ऐलान मंगलवार को किया जाएगा। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग द्वारा जारी की जाने वाली ये दरें 1 अप्रैल से पूरे प्रदेश में लागू होंगी।
बताया जा रहा है कि इस वर्ष प्रदेश की तीनों ऊर्जा निगम—यूपीसीएल, यूजेवीएनएल और पिटकुल—ने मिलकर आयोग से करीब 18.50 प्रतिशत बिजली दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा था।
इस प्रस्ताव पर आयोग ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जनसुनवाई भी आयोजित की। 18 फरवरी को कर्णप्रयाग, 20 फरवरी को मुनस्यारी, 23 फरवरी को रुद्रपुर और 27 फरवरी को देहरादून में उपभोक्ताओं व संबंधित पक्षों की राय ली गई।
जनसुनवाई और सभी पहलुओं पर विचार के बाद आयोग ने नई दरों को अंतिम रूप दे दिया है। चुनावी वर्ष होने के चलते इस बार बिजली दरों पर फैसला आयोग के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
आयोग के सचिव नीरज सती ने जानकारी दी कि मंगलवार को दरों की औपचारिक घोषणा की जाएगी, जो 1 अप्रैल से प्रदेश की सभी उपभोक्ता श्रेणियों पर लागू होंगी।

