देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। राज्यभर में शुक्रवार को 34 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक प्रभावित चमोली जिला है, जहां 10 मार्ग बंद पड़े हैं। वहीं सीमांत जिला पिथौरागढ़ में आठ सड़कें बंद होने से आवागमन बाधित रहा।
इसके अलावा देहरादून में छह, टिहरी में चार, रुद्रप्रयाग में तीन, पौड़ी में दो और बागेश्वर जिले में एक मार्ग बंद रहा। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को खोलने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बारिश के कारण बदरीनाथ हाईवे भी गुरुवार को करीब साढ़े 11 घंटे तक बंद रहा, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।
चमोली जिले के विद्युत खंड नारायणबगड़ के अंतर्गत 20 गांवों और देवाल क्षेत्र के पांच गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही, हालांकि विभाग ने बाद में आपूर्ति सुचारु कर दी।
इधर नारायणबगड़ में शुक्रवार रात करीब साढ़े तीन घंटे तक हुई तेज बारिश ने लोगों को डरा दिया। रात साढ़े 11 बजे तक लगातार हुई बारिश से बाजार में पानी भर गया, जबकि इंटर कॉलेज मैदान तालाब में तब्दील हो गया। बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

